युवा कांग्रेस चुनाव में गड़बड़ियों की शिकायतों पर कल सुनवाई:
रायपुर
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों को लेकर उठे विवाद और कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर अब राष्ट्रीय नेतृत्व सीधे सुनवाई करेगा। युवा कांग्रेस इलेक्शन कमीशन के वरिष्ठ पदाधिकारी और छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रभारी 17, 18 और 19 अगस्त को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान चुनाव प्रक्रिया को लेकर सामने आई गड़बड़ियों, शिकायतों और समस्याओं पर प्रभावित कार्यकर्ताओं का पक्ष सुना जाएगा। राष्ट्रीय पदाधिकारी शिकायतों को समझने के साथ उनके निराकरण को लेकर आगे की कार्रवाई पर भी चर्चा करेंगे।
17 अगस्त को दोपहर 2 बजे रायपुर के राजीव भवन, शंकर नगर में प्रदेश प्रभारी स्मृति रंजन लेंका और चुनाव पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
यहां चुनाव प्रक्रिया से प्रभावित कार्यकर्ताओं से बातचीत की जाएगी। कार्यकर्ताओं की ओर से उठाए गए सवालों, चुनाव में सामने आई कथित अनियमितताओं और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली जाएगी।
युवा कांग्रेस की ओर से मीडिया प्रतिनिधियों और पत्रकारों से 17 अगस्त को दोपहर 2 बजे राजीव भवन पहुंचने की अपील की गई है।
संगठन ने कहा है कि पत्रकार राष्ट्रीय पदाधिकारियों से चुनाव से जुड़े सवाल पूछें, उनका पक्ष जानें और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी लें। साथ ही यह भी पूछा जाए कि प्रभावित कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए आगे क्या किया जाएगा।