भूपेश बोले- अपने बाप के घर से पेट्रोल लाए BJP:
रायपुर
E20 पेट्रोल को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर पलटवार किया है। रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने शुद्ध पेट्रोल की मांग पर कहा था, ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’
इस पर भूपेश बघेल ने कहा कि बीजेपी नेता होश खो बैठे हैं। अगर जनता शुद्ध पेट्रोल मांग रही है तो इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘अगर इतना ही है तो अपने बाप के घर से शुद्ध पेट्रोल ले आएं।’
भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने रीवा एयरपोर्ट पर रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए शुरू हुई नई उड़ानों के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान E20 पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधा था।
उन्होंने कहा था कि आंदोलन किया जा रहा है कि एथेनॉल नहीं चलेगा, सिर्फ शुद्ध पेट्रोल चाहिए। इसके बाद उन्होंने सवाल किया- ‘शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’
भाजपा सांसद ने कहा कि भारत अपनी जरूरत का करीब 20% कच्चा तेल ही देश में पैदा करता है, जबकि करीब 80% तेल आयात करना पड़ता है। उनका तर्क था कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध के कारण तेल की सप्लाई प्रभावित होती है। ऐसे में पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाने का विरोध नहीं किया जाना चाहिए।
पेट्रोल में 20% तक एथेनॉल मिलाने की नीति को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहा है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी इसके खिलाफ अभियान चला रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि E20 से कुछ वाहनों के माइलेज और इंजन पर असर पड़ सकता है।
वहीं, केंद्र सरकार और E20 के समर्थकों का तर्क है कि इससे पेट्रोल आयात पर निर्भरता कम होगी, किसानों को लाभ मिलेगा और देश की ऊर्जा जरूरतों में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।