अमरकंटक से भोरमदेव तक पैदल जाएंगी MLA भावना बोहरा
रायपुर
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने सावन माह के द्वितीय सोमवार को अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर में पूजा-अर्चना कर 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा की शुरुआत की।
उन्होंने मां नर्मदा और नर्मदेश्वर महादेव का विधिवत पूजन कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इस दौरान 600 से अधिक कांवड़ यात्री उनके साथ यात्रा में शामिल हुए। अमरकंटक से यात्रा शुरू होते ही ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा 10 से 16 अगस्त तक चलेगी और जलेश्वर महादेव डोंगरिया तथा भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ इसका समापन होगा। भावना बोहरा की पहल से अपने मूल धर्म में वापसी करने वाले वनांचल क्षेत्र के 15 बैगा आदिवासी समाज के लोग भी कांवड़ यात्रा में सहभागी बने।
यात्रा के शुभारंभ से एक दिन पहले विधायक ने अमरकंटक के मेला मैदान में कबीरधाम जिले से पहुंचे कांवड़ यात्रियों से मुलाकात की। उन्होंने श्रद्धालुओं को भोजन परोसा और भजन संध्या में भी शामिल हुईं।
भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि मां नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सेवा-भाव का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, तपस्या, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और प्रकृति से जोड़ना भी है।
यात्रा में विधायक गोमती साय, सुशांत शुक्ला, दीपेश साहू समेत भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।