मंदिर हसौद में 66.02 लाख रुपये की लागत से बने नवीन तहसील कार्यालय का लोकार्पण
क्षेत्रवासियों को अब राजस्व एवं शासकीय कार्यों के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे दूर-दराज के चक्कर, स्थानीय स्तर पर मिलेंगी प्रशासनिक सुविधाएं।
रायपुर
मंदिर हसौद क्षेत्र के नागरिकों को शनिवार को नई प्रशासनिक सुविधा की सौगात मिली। 66.02 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन तहसील कार्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस कार्यालय के प्रारंभ होने से मंदिर हसौद एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा तथा अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर ही शासकीय सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नवीन भवन का अवलोकन किया गया तथा इसे क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि तहसील कार्यालय शुरू होने से आम नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे ग्रामीण अंचल के लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मंदिर हसौद क्षेत्र के लोगों को अब राजस्व एवं अन्य शासकीय कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से भटकना नहीं पड़ेगा। नवीन तहसील कार्यालय के प्रारंभ होने से अधिकांश प्रशासनिक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के और निकट पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी शहरों की तरह बेहतर शासकीय सुविधाएं सहज रूप से मिल सकें। उन्होंने क्षेत्रवासियों को इस नई सौगात के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र के विकास और सुशासन को नई गति प्रदान करेगा।
समारोह में आरंग नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संदीप जैन, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, कृष्ण कुमार वर्मा, अरविंद ठाकुर, देशन लाल बचधेत सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।