राजनीति

युवा कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव...शैलेन्द्र बंजारे सबसे आगे

रायपुर

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। संगठन के भीतर चल रही चर्चाओं के मुताबिक मुकाबला अब पूर्व विधायक देवेंद्र यादव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खेमे के बीच सिमटता नजर आ रहा है।

बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच देवेंद्र यादव के पैनल से बलौदाबाजार के युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य शैलेन्द्र बंजारे सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, रेफरल प्रक्रिया के शुरुआती आंकड़ों में शैलेन्द्र बंजारे 317 रेफरल के साथ सबसे आगे हैं। उनके बाद प्रशांत बोकड़े को 224 और सोनू शर्मा को 221 रेफरल मिले हैं।

वहीं भूपेश बघेल खेमे से विनय शील की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। उन्हें अब तक 192 रेफरल मिले हैं। लोकेश वशिष्ठ को 183, निखिलकांत साहू को 168, हनी बग्गा को 146 और साजल चंद्राकर को 106 रेफरल मिलने की जानकारी सामने आई है।

शैलेन्द्र बंजारे बलौदाबाजार जिले के रसेड़ा गांव के रहने वाले हैं। वे 2022 से बलौदाबाजार युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हैं और 2025 में जिला पंचायत सदस्य चुने गए। इससे पहले वे एनएसयूआई में कॉलेज अध्यक्ष और प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

बलौदाबाजार आगजनी कांड के दौरान वे पूर्व विधायक देवेंद्र यादव के साथ जेल भी गए थे। रेफरल प्वाइंट यानी युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदारों को ब्लॉक अध्यक्षों से मिलने वाला शुरुआती समर्थन। इन्हीं के आधार पर संगठन में उम्मीदवारों की शुरुआती पकड़ का आंकलन किया जा रहा है। हालांकि सदस्यता सत्यापन, स्क्रूटनी और आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होता है। भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया 29 मई से शुरू की थी। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के बाद स्क्रूटनी, सदस्यता सत्यापन और रेफरल की प्रक्रिया चल रही है। सदस्यता के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा तय की गई है। आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image