राजनीति

राज्य सरकार ने 500 करोड़ किए जारी, धरसीवां में हितग्राहियों को मिले प्रमाण पत्र अंत्योदय की सोच के साथ भूमिहीन मजदूरों को आर्थिक संबल, गांवों के विकास को मिली नई गति

रायपुर 

छत्तीसगढ़ में भूमिहीन कृषि मजदूरों के कल्याण के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत करीब 5 लाख परिवारों के बैंक खातों में लगभग 500 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलौदाबाजार से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से यह राशि जारी की। इस योजना के तहत 4.95 लाख से अधिक पात्र परिवारों के लिए 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। प्रत्येक भूमिहीन कृषि मजदूर परिवार को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की सहायता सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही है।

अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित योजना

यह योजना समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की सोच पर आधारित है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ सिद्धांत को केंद्र में रखते हुए सरकार ने भूमिहीन कृषि मजदूरों के साथ-साथ वनोपज संग्राहक, चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी जैसे पारंपरिक कार्यों से जुड़े परिवारों को भी इसमें शामिल किया है।
इसके अलावा अनुसूचित क्षेत्रों में पूजा-पाठ करने वाले बैगा, गुनिया और मौली परिवारों को भी योजना का लाभ दिया जा रहा है। राज्यभर में 22,028 ऐसे परिवार इस योजना से जुड़े हैं, जो पारंपरिक संस्कृति के संवाहक हैं।

धरसीवां में प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम

इसी क्रम में जनपद पंचायत धरसीवां में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां विधायक अनुज शर्मा ने हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “खेत की माटी में जो अपना खून-पसीना मिलाता है, असली सोना वही उगाता है। आप झुकिए मत, सरकार आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”
उन्होंने कहा कि भूमिहीन मजदूर खेती की असली रीढ़ हैं और उनकी मेहनत से ही देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित होती है। यह योजना उनके सम्मान और आर्थिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

शिक्षा और भविष्य पर जोर

विधायक ने हितग्राहियों से अपील की कि वे इस सहायता राशि का उपयोग अपने बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि आज मजदूर का बेटा भी अफसर और कलाकार बन सकता है, और अगली पीढ़ी को सशक्त बनाना ही सरकार का लक्ष्य है।

धरसीवां में आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेन्द्र सेन, दिनेश खटे, स्थानीय जनप्रतिनिधि, तहसीलदार, कृषि विभाग के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कृषि मजदूर उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने राशि प्राप्त होने पर सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave Your Comment

Click to reload image