राजनीति

कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की, समय सीमा में निराकरण के दिए सख्त निर्देश


नामांतरण, सीमांकन व प्रमाण पत्रों के लिए विशेष शिविर लगाने पर जोर

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 

मुंगेली। कलेक्टर कुंदन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा की। उन्होंने नामांतरण, सीमांकन, खाता विभाजन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों का समयबद्ध एवं संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सचिवों एवं पटवारियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष कैंप आयोजित करने को कहा, ताकि आम नागरिकों को त्वरित सुविधा मिल सके। उन्होंने आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए।

बैठक में आरआरसी एवं राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए वसूली कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नक्शा बटांकन, सीमांकन, डिजिटल हस्ताक्षर एवं मसाहती सर्वे जैसे मामलों में बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर ने पटवारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा कर अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने एवं सोलर इंस्टॉलेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा धान उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए शेष धान का समय पर उठाव सुनिश्चित करने को कहा गया। गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने, बोर खनन एवं सिंटेक्स टंकी स्थापना कार्य समय पर पूर्ण करने तथा जल संरक्षण के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित एसडीएम एवं अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image