जिला

जनगणना ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को अर्जित अवकाश देने की मांग

ईमरान खोखर बिहान ब्यूरो चीफ 

शालेय शिक्षक संघ मुंगेली ने तहसीलदार के नाम जनगणना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
​मुंगेली। जनगणना एवं अन्य राष्ट्रीय कार्यों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को शासन के नियमानुसार अर्जित अवकाश (EL) प्रदान करने की मांग को लेकर शालेय शिक्षक संघ जिला मुंगेली के पदाधिकारियों ने गुरुवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार के नाम जनगणना प्रकोष्ठ प्रभारी संजय शुक्ला को ज्ञापन सौंपा।


​संघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि राज्य शासन के निर्देशों के अनुसार शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना, मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं अन्य विभागीय कार्यों में लगाई जाती है। नियमानुसार, ऐसे अवकाशकालीन कार्यों में सेवाएं देने पर शिक्षकों को प्रति दिवस के हिसाब से अर्जित अवकाश देय होता है।


​हालांकि, मुंगेली जिले के किसी भी ब्लॉक में कार्यरत शिक्षकों/प्रगणकों को अब तक जनगणना ड्यूटी के बदले EL स्वीकृत नहीं किया गया है, जिससे शिक्षक समुदाय में असंतोष व्याप्त है।
​जिलाध्यक्ष दीपक वेताल ने मांग की है कि जनगणना कार्य में संलग्न समस्त शिक्षकों की ड्यूटी अवधि की गणना कर अर्जित अवकाश की स्वीकृति शीघ्र जारी की जाए और इसकी प्रविष्टि HRMS पोर्टल अथवा सर्विस बुक में की जाए, ताकि शिक्षकों को भविष्य में अवकाश प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो।


​संघ के जिला सचिव नेमीचंद भास्कर ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होने के साथ-साथ शासन के हर महत्वपूर्ण कार्य को पूरी जिम्मेदारी से निभाते हैं। जनगणना जैसे बड़े कार्य को सफल बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में शासन के नियमों के तहत मिलने वाला अर्जित अवकाश प्रदान करना प्रशासन का उत्तरदायित्व है।
​ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश देवांगन ने बताया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। शिक्षकों ने भीषण धूप और गर्मी के बावजूद इस कार्य को प्राथमिकता के साथ समय सीमा से पहले पूरा करके अपनी जिम्मेदारी निभाई है।


​ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात जनगणना प्रकोष्ठ प्रभारी शुक्ला जी ने संघ को आश्वस्त किया कि वे इस मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई करते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराएंगे।
​ज्ञापन सौंपने के दौरान उपस्थिति:
ज्ञापन सौंपने वालों में शालेय शिक्षक संघ मुंगेली के जिलाध्यक्ष दीपक वेताल, सचिव नेमीचंद भास्कर, ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश देवांगन, विवेक गोविंद, मनीष जायसवाल, धर्मेश पटेल, संजय देवांगन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image