रायपुर में चाकू की नोक पर लूट:
रायपुर
रायपुर में सड़क किनारे खड़े युवकों की मदद करना प्रायवेटकर्मी को भारी पड़ गया। आरोपियों ने घेराबंदी करके मोबाइल और पैसे लूटे, पीड़ित के विरोध करने पर दोस्त को चाकू भी मार दिया।
पीड़ित का नाम पुलिस द्वारा गजेंद्र यादव बताया जा रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन नाबालिग सहित मास्टर माइंड मोहित भरतरा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी गजेंद्र यादव अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से भनपुरी में काम करने के बाद लौट रहा था। शाम करीब 6:30 बजे रामजानकी मंदिर रेलवे फाटक के पास चार लड़कों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने मदद के नाम पर पहले मोबाइल फोन मांगा। मोबाइल लेने के बाद जब पीड़ित ने उसे वापस मांगा, तो विवाद शुरू हो गया।
इस दौरान आरोपियों ने प्रार्थी के दोस्त के साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर धमकाया। एक आरोपी ने उसकी पीठ पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी मोबाइल फोन और 2 हजार रुपए लेकर मौके से भाग निकले। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। वहीं तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इनमें से एक नाबालिग पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।