राज्य

स्कूली वाहनों में क्षमता से ज्यादा बच्चे बैठाने पर कार्रवाई, 11 मामलों में 5,500 रुपये का चालान..

सारंगढ़-बिलाईगढ़//

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने निजी स्कूलों के वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान नियमों की अनदेखी सामने आने पर 11 प्रकरण दर्ज कर कुल 5,500 रुपये का चालान काटा गया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को चेतावनी दी है कि बच्चों को वाहन की निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बैठाएं और सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करें।

कई निजी स्कूलों के वाहनों की जांच

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत के.पी. हायर सेकेंडरी स्कूल बांधापाली, न्यू इंडिया पब्लिक स्कूल माधोपाली और भारतमाता स्कूल सालर सहित विभिन्न निजी विद्यालयों की बसों और वैन की जांच की गई। इस दौरान वाहनों के जरूरी दस्तावेजों और तकनीकी स्थिति की जांच की गई।

निरीक्षण में कुछ वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने की बात सामने आई। यातायात पुलिस ने इसे बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई

यातायात पुलिस ने मोटरयान अधिनियम की धारा 179(1) के तहत कुल 11 प्रकरण दर्ज किए और 5,500 रुपये का चालान काटा। कार्रवाई के बाद यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा ने स्कूल प्रबंधन और बस संचालकों को निर्देश दिए कि वाहनों में बच्चों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बैठाया जाए। साथ ही, शासन द्वारा तय सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी कर बच्चों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में बच्चों की सुरक्षा से समझौता न करें।

इस कार्रवाई के दौरान रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा, प्रशिक्षु सूबेदार कमलनारायण साहू, प्रधान आरक्षक मुकेश सहित यातायात सेल की टीम मौजूद रही।

Leave Your Comment

Click to reload image