बिरयानी खाने के लिए लूट,विरोध पर चाकू से मार डाला:रायगढ़
रायगढ़
रायगढ़ में बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने को लेकर 5 आरोपियों ने एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ट्रांसपोर्ट नगर में सो रहे व्यक्ति की जेब टटोल रहे थे, तभी वह जाग गया और विरोध करने लगा।
इस पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में 4 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को जूटमिल पुलिस को ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने की सूचना मिली। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
मृतक की उम्र करीब 35 से 40 साल थी। उसके सीने, कंधे और शरीर के दूसरे हिस्सों पर चोट के निशान मिले। मृतक की पहचान नहीं हो पाने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को मरच्युरी भेज दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ASP अनिल सोनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस टीम को जांच के लिए निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इनके जरिए घटना के समय और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना में 15 से 16 साल के कुछ लड़के शामिल हो सकते हैं। लोगों ने भी घटना के दिन संदिग्ध लड़कों को देखने की जानकारी दी थी।
इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया। मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई इलाके में दबिश देकर पुलिस ने राजेश्वर सारथी उर्फ समारू (19) और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशा करते हैं। वे अक्सर कबाड़ चोरी करते थे और नशे में रहने वाले लोगों, बुजुर्गों और रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर रात में अकेले आने-जाने वालों को निशाना बनाते थे। वे उनसे मोबाइल और पैसे लूट लेते थे। लूट से मिले पैसों को खाने-पीने में खर्च करते थे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध करके कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम लोगों की सुरक्षा और गंभीर अपराधों पर तुरंत कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।