बाइक चोरी करने वाले नाबालिगों के गैंग का खुलासा:
रायपुर
रायपुर में बाइक चोरी करने वाले नाबालिगों के गैंग का खुलासा हुआ है। खमतराई पुलिस ने पांच नाबालिगों को पकड़ा है। उनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। इनमें एक बाइक रायपुर के रांवाभाठा स्थित मेटल पार्क के पास से और दूसरी बिलासपुर के सरकंडा इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद पूछताछ में पांचों नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई। उनके कब्जे से रायपुर और बिलासपुर से चोरी की गई दोनों बाइक बरामद की गईं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई CG 04 PB 8368 नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, पांचों के खिलाफ मामले से जुड़े साक्ष्य मिलने के बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
18 अक्टूबर की रात राजेश ध्रुव की स्प्लेंडर प्लस बाइक रांवाभाठा रोड स्थित मेटल पार्क के पास सड़क किनारे से चोरी हो गई थी। शिकायत के बाद खमतराई थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।