क्राइम

सुहागा मिला शराब पिलाकर पार्षद और क्लिनिक संचालक की हत्या

जांजगीर-चांपा

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में ग्रामीण ने शराब में सुहागा (बोरेक्स पाउडर) मिलाकर 2 लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) और निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (52) शामिल है।

आरोपी राजा खरे ने जोहित खरे से 10 लाख रुपए उधार लिए थे। ट्रेडिंग में नुकसान होने के कारण वह पैसे लौटाने के दबाव में था। पुलिस के मुताबिक, राजा ने पूछताछ में बताया कि उधारी की रकम वापस मांगने से वह मानसिक रूप से परेशान था।

इसी वजह से उसने जोहित की हत्या की योजना बनाई और उन्हें शराब में सुहागा मिलाकर पिला दिया। उस समय जोहित के साथ रामखिलावन जांगड़े भी थे, इसलिए उन्हें भी वही शराब पिलाई गई। दोनों की मौत हो गई। मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र के पनगांव का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जहर दिए जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि जोहित और रामखिलावन घटना वाले दिन शाम को घूमने निकले थे। शाम करीब 7:30 बजे जोहित की बेटी मनीषा को उनके पिता की तबीयत खराब होने की सूचना मिली।

अस्पताल में जोहित ने बताया कि पनगांव निवासी राजा खरे उर्फ कमलनाथ खरे ने धोखे से शराब में कुछ मिलाकर उन्हें पिलाया था। पुलिस ने राजा खरे को पकड़कर पूछताछ की। उसने बताया कि मुकेश कश्यप से इम्पीरियल ब्लू शराब के 3 क्वार्टर मंगवाए थे।

दोनों ने एक क्वार्टर शराब पी। इसके बाद राजा ने हेलीपैड के पास जोहित और रामखिलावन को बुलाया और एक क्वार्टर में अपनी जेब में रखी पुड़िया से कुछ मिलाकर उन्हें दे दिया। पुलिस की गाड़ी आते देख मुकेश मौके से भाग गया। पुलिस इसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राजा ने उधारी के 10 लाख रुपए लौटाने के दबाव में जोहित की हत्या की योजना बनाने की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की गई है। पुलिस ने राजा खरे को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image