रायपुर में बॉयफ्रेंड के लिए लड़कियों ने युवती को पीटा,
रायपुर में बॉयफ्रेंड के चक्कर में 6 लड़कियों ने जमकर मारपीट की है पीड़िता के मुताबिक लड़कियों ने उसके आईफोन को जमीन पर पटककर तोड़ दिया, वारदात के बाद घर से 5 गोल्ड रिंग, सोने की चेन और 30 हजार कैश गायब है।फिलहाल पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी लड़कियां अपना मोबाइल बंदकर फरार हो गई हैं। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।
रहनुमा ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उसने बताया कि, वह बीते 7 साल से रायपुर में फैशन डिजाइनर का काम कर रही है। भावना नगर में किराए के मकान में रहती है। रायपुर में उसकी आरोपी लड़कियों से बीते चार सालों से दोस्ती थी। 3 अप्रैल को रहनुमा के पास कोमल नाम की सहेली का फोन आया। उसने कहा कि वह कुछ काम से उसके घर आ रही है।
FIR के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे रहनुमा नहाने के लिए गई। इस दौरान मेन गेट से खटखटाने की आवाज आई। घर में एक दूसरी सहेली भी मौजूद थी, उसने दरवाजा खोला। तभी अलीशा, अलीशा एम, दिव्या, मंजू, कोमल और रानी घर के भीतर घुस गए। उन्होंने रहनुमा के कमरे में बाथरूम के दरवाजे पर लात मारी। जिससे वह खुल गया। आरोपी लड़कियों ने उसे बाल पकड़ कर घसीटा और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लड़कियों का आपस में किसी युवक को लेकर विवाद था। इनमें से एक लड़की का युवक से ब्रेकअप हो चुका है। उसके बावजूद युवक की पर्सनल लाइफ में दखलअंदाजी को लेकर विवाद हुआ। हालांकि विवाद के पीछे की वजह लड़कियों का आपसी मनमुटाव भी बताया गया है। फिलहाल पुलिस इन सभी एंगल में जांच कर रही है।
इस मामले में रायपुर एडिशनल SP कीर्तन राठौर ने कहा कि पुलिस ने मामले में एफआईआर की है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।