राजधानी

छत्तीसगढ़ में 15 लाख की दही-हांडी के लिए मचेगी होड़

रायपुर

भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर गुढ़ियारी में 5 सितंबर को विशाल दही हांडी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति और श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से होने वाला यह आयोजन अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड में दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। आयोजन का यह 16वां वर्ष है। इस दौरान दही हांडी प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा समेत अन्य राज्यों की गोविंदा टोलियां शामिल होंगी। विजेता दल को 15 लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। अन्य प्रतिभागी टोलियों को भी समिति की ओर से सांत्वना राशि दी जाएगी। समिति के अनुसार अब तक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित अलग-अलग क्षेत्रों की करीब 26 पुरुष और महिला गोविंदा टोलियों ने पंजीयन कराया है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टोलियां पहुंचेंगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए कोई शुल्क नहीं है।

आयोजन में इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। गायक बी प्राक, भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर प्रस्तुति देंगी। आयोजकों के मुताबिक धार्मिक आयोजन के साथ संगीत कार्यक्रम भी युवाओं और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

उत्सव में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीस लगे खंभे की दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। अलग-अलग राज्यों से आने वाली गोविंदा टोलियां दही हांडी फोड़ने के लिए टीमवर्क और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के लिए तय सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी होगा।

संयोजक बसंत अग्रवाल और सह-संयोजक हेमेन्द्र साहू ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां जारी हैं। उन्होंने रायपुरवासियों, कृष्ण भक्तों और युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम और भगत अग्रवाल मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image