नेपाल में बाढ़, छत्तीसगढ़ भाजपा नेता की बेटी लापता
रायपुर
नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई बाढ़ में छत्तीसगढ़ के 2 लोग लापता हैं। इनमें अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता और बिलासपुर की डॉ. प्रियंका चौधरी शामिल हैं, वहीं बिलासपुर की ब्यूटीशियन मंजू राय चौधरी( 65) के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है। उनसे संपर्क की कोशिश जारी है। राज्य सरकार तीनों की जानकारी जुटा रही है। अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं। बाढ़ के समय वे इमिग्रेशन सेंटर में थीं। उनके साथ यात्रा कर रहे करीब 80 लोगों से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।
रायपुर की मोनिका यादव के लापता होने की सूचना के बाद प्रशासन ने उनके परिजनों से संपर्क कर लिया है। संबंधित एजेंसियों से उनकी स्थिति की जानकारी ली जा रही है। प्रशासन के मुताबिक रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और नेपाल से लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।
रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। बाढ़ के बाद उनसे संपर्क टूट गया था। अब प्रशासन ने उनके परिजनों से संपर्क कर लिया है और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।
इसी तरह बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी भी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके परिजनों से भी प्रशासन का संपर्क हो गया है। संबंधित एजेंसियों से जानकारी लेकर स्थिति की पुष्टि की जा रही है।
मंजू बिलासपुर से अकेले कलकत्ता गई थीं, जहां से 21 अगस्त को 30 लोगों के दल के साथ नेपाल रवाना हुईं। 25 अगस्त को परिजनों से आखिरी बार बात हुई थी। तीन सितंबर को उनकी वापसी होनी थी।
आपदा के बाद संपर्क टूटने पर परिवार ने प्रशासन से मदद मांगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि मंजू के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है, उनसे संपर्क की कोशिश की जा रही है।
रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों 21 अगस्त को नेपाल गए थे। अब वे नेपाल से रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।
25 अगस्त को डॉ. मीना गुप्ता समेत 80 यात्रियों का दल इमीग्रेशन सेंटर पहुंचा था, तभी सेंटर बाढ़ की चपेट में आ गया। मीना ने पिता करता राम गुप्ता को भी यात्रा पर चलने कहा था, लेकिन व्यस्तता के कारण वे नहीं गए। हादसे के बाद से मीना से संपर्क नहीं हो सका है, परिवार को उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद है। मीना की शुरुआती पढ़ाई अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल में हुई। वे इंग्लैंड में स्किन स्पेशलिस्ट हैं।
पर्यटन और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल केंद्र सरकार के संपर्क में हैं। उन्होंने करता राम गुप्ता से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।