राजधानी

फुंडहर-गौठान में बारिश के बीच लावारिस पड़ी मिली मृत गायें:

रायपुर

रायपुर के फुंडहर गौठान में बारिश के बीच मृत गायों के लावारिस पड़े होने का मामला सामने आया है। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने शनिवार को जोन-9 के वार्ड-51 स्थित गौठान का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके की स्थिति को लेकर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गौठान की क्षमता करीब 260 से 280 गोवंश रखने की है, लेकिन यहां 600 से ज्यादा गोवंश रखे गए हैं। क्षमता से दोगुने से ज्यादा पशु होने के कारण गौठान में जगह की कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां पर्याप्त चारा-पानी और पशु चिकित्सा की व्यवस्था भी नहीं है।

निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने गौठान में मृत गायों के पड़े होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बारिश के बीच मृत गोवंश के शवों का समय पर निस्तारण तक नहीं हो रहा है। इससे गौठान की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आकाश तिवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ मंचों से सनातन और गौ रक्षा की बात की जाती है, लेकिन दूसरी तरफ गौठान में गोवंश बदहाल स्थिति में हैं। उन्होंने कहा, ‘गाय हमारी माता है। लेकिन यहां उसे सुरक्षित रखने के बजाय मौत के लिए छोड़ दिया गया है। यह बेहद पीड़ादायक और शर्मनाक स्थिति है।’

तिवारी ने फुंडहर गौठान के साथ रायपुर के सभी नगर निगम गौठानों की तत्काल जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षमता से ज्यादा रखे गए गोवंश को दूसरे गौठानों में शिफ्ट किया जाए। साथ ही सभी गौठानों में पर्याप्त चारा, पानी, शेड, सफाई और पशु चिकित्सा की व्यवस्था की जाए।

नेता प्रतिपक्ष ने निगम प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि तय समय में व्यवस्था नहीं सुधरी तो कांग्रेस सड़क से लेकर नगर निगम सदन तक आंदोलन करेगी।

उन्होंने कहा, ‘फुंडहर गौठान में 600 से ज्यादा गौ माता हैं, लेकिन न पर्याप्त चारा है, न पानी और न जगह। नगर निगम प्रशासन को इस बदहाली का जवाब देना होगा।’

Leave Your Comment

Click to reload image