राजधानी

खैरा पंचायत में सचिव को लेकर विवाद गहराया, जांच टीम ने दर्ज किए बयान

 गोविंद राम ब्यूरो चीफ 

 बलौदा बाजार:-लवन..

विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत खैरा में पंचायत सचिव के खिलाफ सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत को लेकर जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। शिकायतों की जांच के लिए पहुंचे अधिकारी ने संबंधित पक्षों से अलग-अलग चर्चा कर उनके बयान दर्ज किए।जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों, पंचायत के कामकाज और ग्रामीणों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने भी जांच अधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए शिकायत से संबंधित कई बिंदुओं पर अपना पक्ष रखा।
जांच कार्रवाई के दौरान पंचायत परिसर में कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति भी बनी रही। हालांकि जांच अधिकारी ने संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी रखी। अब दर्ज बयानों और उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण के बाद शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।

सरपंच ने सचिव पर लगाए गंभीर आरोप

ग्राम पंचायत खैरा के सरपंच हीरप्रकाश मिरी ने सचिव पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत के छोटे-छोटे कार्यों, जैसे जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ग्रामीणों से कथित रूप से पैसे की मांग किए जाने की शिकायत उन्हें लगातार मिलती है। सरपंच का कहना है कि ग्रामीण अपनी परेशानियां लेकर उनके पास पहुंचते हैं।
सरपंच ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत में कराए गए कार्यों से संबंधित लंबित भुगतानों को भी सचिव द्वारा पास नहीं किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पंचायत के कामकाज को सुचारू रखने के लिए संबंधित सचिव को तत्काल हटाया जाए।

जांच के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति

फिलहाल मामले में जांच प्रक्रिया जारी है। जांच अधिकारी द्वारा सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जाने के बाद अब संबंधित दस्तावेजों एवं अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि अथवा स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।


ग्रामीण एवं पंचायत पदाधिकारी द्वारा लिखित शिकायत किये जाने पर जनपद स्तर पर गठित जाँच टीम द्वारा जांच किया जा रहा है।
रामसाय मनहरे 
जांच अधिकारी 
जनपद पंचायत बलौदाबाजार 

सरपंच एवं ग्रामीणो द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद एवं निराधार है शिकायत के माध्यम से साजिश करते हुए मुझे इस पंचायत से हटाए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

रितु साहू
सचिव ग्राम पंचायत खैरा

Leave Your Comment

Click to reload image