तेलासी में सेवा सेतु लोक सेवा केंद्र का भव्य शुभारंभ सरकार की सेवा गांव तक, गांव की आवाज शासन तक पहुंचाने की पहल*
गोविंद राम ब्यूरो चीफ
बलौदा बाजार, पलारी:-
तेलासी। ग्राम पंचायत तेलासी में छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल जनसेवा पहल “सेवा सेतु लोक सेवा केंद्र” का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधायक प्रत्याशी कसडोल एवं सृजन भूमि छत्तीसगढ़ न्यूज़ के प्रधान संपादक श्री प्रीतलाल कुर्रे की विशेष पहल से हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं संविधान की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साह से भाग लिया।
विशेष ग्रामसभा में ग्रामीणों ने रखी विकास की प्राथमिकताएं
ग्रामसभा में गांव के विकास को लेकर ग्रामीणों से सुझाव लिए गए तथा प्राथमिकता वाले कार्यों के लिए प्रस्ताव एवं आवेदन प्रस्तुत किए गए। वहीं, ग्रामीणों को सेवा सेतु के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने की जानकारी दी गई।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में हुई ग्रामीणों की जांच
फर्स्ट केयर फाउंडेशन रायपुर के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों की जांच कर परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। आयुष्मान भारत योजना को लेकर भी लोगों को मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्री रामायण ध्रुव ने की। इस अवसर पर उपसरपंच प्रतिनिधि चूड़ामणि गायकवाड़, सचिव लीलक लहारे, फिल्म निर्माता-निर्देशक विनोद बर्मन, देवेंद्र मल्होत्रा, तखतराम बरतामसी, धर्मेंद्र मंडले, ऋषि कुमार दीवान, पंच उर्मिला देवदास, रोजगार सहायक रवि टंडन सहित पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
तेलासी में शुरू हुआ सेवा सेतु केंद्र ग्रामीणों के लिए डिजिटल शासन और जनसेवा को स्थानीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।