नया रायपुर में रफ्तार का कहर:
रायपुर
राजधानी के नया रायपुर में तेज रफ्तार का एक और मामला सामने आया है।
एयरपोर्ट के पीछे एक डिजायर कार ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कार में दो युवक सवार थे, जिन्हें बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर मौजूद लोगों का दावा है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे और तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे।
हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नया रायपुर की चौड़ी और खाली सड़कों पर अक्सर तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं। इसके बावजूद कई चालक यातायात नियमों की अनदेखी कर लापरवाही से वाहन चलाते हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।