राजधानी

नर्सिंग प्रवेश प्रक्रिया में बड़ा बदलाव:हर राउंड में रजिस्ट्रेशन का मौका, एडमिशन की लास्ट डेट 31 अगस्त तक बढ़ाई गई

रायपुर

अब नर्सिंग प्रवेश के लिए होने वाली काउंसलिंग के हर राउंड में विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। पहले किसी राउंड में रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को अंतिम राउंड तक इंतजार करना पड़ता था। नए बदलाव से विद्यार्थी अगले राउंड में भी प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। काउंसलिंग के दौरान यदि कोई विद्यार्थी किसी राउंड में प्रवेश नहीं लेना चाहता है, तो अब उसे स्क्रूटनी कराने की जरूरत नहीं होगी। पहले प्रवेश नहीं लेने की स्थिति में भी विद्यार्थियों को स्क्रूटनी के लिए संबंधित कॉलेज तक जाना पड़ता था। नए नियम से विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से कॉलेज जाने की परेशानी नहीं होगी।

सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह किया गया है कि यदि किसी विद्यार्थी का नाम शासकीय नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश के लिए सूची में आ जाता है, लेकिन वह वहां प्रवेश नहीं लेता है, तो उसे काउंसलिंग से बाहर नहीं किया जाएगा। अगले चरण में वह किसी अन्य निजी नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश ले सकेगा।

पहले शासकीय कॉलेज में नाम आने के बाद प्रवेश नहीं लेने पर विद्यार्थी को काउंसलिंग प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाता था। इससे निजी कॉलेजों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए विकल्प सीमित हो जाते थे।

प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज संगठन ने नर्सिंग पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया में किए गए इन संशोधनों का स्वागत किया है। संगठन ने विद्यार्थियों के हित में निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार जताया है।

Leave Your Comment

Click to reload image