बोरियाखुर्द में 5 अवैध ब्लॉक पर चला बुलडोजर
रायपुर
रायपुर नगर निगम ने बोरियाखुर्द स्थित शिव विहार कॉलोनी में बिना अनुमति बनाए गए पांच ब्लॉक को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जोन-10 के वार्ड-54 में संगम मैरिज पैलेस के पीछे की गई।
नगर निगम के अनुसार, निर्माणकर्ता ने निगम की अनुमति लिए बिना भवन का निर्माण कराया था। शिकायत मिलने और जांच में अनियमितता पाए जाने के बाद जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस भी मौके पर तैनात रहा।
निगम शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान और तेज करने जा रहा है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी जोन कमिश्नरों को अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे कर अवैध निर्माण, अवैध प्लॉटिंग और अवैध कॉलोनियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। चिन्हित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही मुख्य मार्गों पर बिना पार्किंग व्यवस्था के संचालित हो रहे व्यावसायिक परिसरों का भी सर्वे कराया जाएगा। निगम इन भवनों की रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई करेगा।
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में आयुक्त ने विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए, ताकि शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।