रायपुर में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर
रायपुर
राजधानी रायपुर के अलग-अलग इलाकों में नगर निगम की विशेष टीम ने मंगलवार को अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान निगम कर्मचारियों ने दुकानदारों के सामान की जब्ती की। नगर निगम जोन 9 टीम ने अशोका रतन के सामने सड़क पर किए गए अवैध कब्जों से बुलडोजर से हटाया।
वहीं, ब्रिज के पास सड़क पर दुकानदार की ओर से किए गए अवैध कब्जा को हटाया। अफसरों ने लोगों को चेतावनी दी है कि शहर में ऐसी कार्रवाइयां अब रोज चलेंगी। दोबारा सड़क पर अवैध तरीके से दुकान लगाने पर जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी।
निगम अमले की ओर से शहर में अधिकांश जगहों पर अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। इस दौरान बड़ी मात्रा में लोगों के सामान जब्त किए गए हैं। नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा ने बताया कि निगम एक्ट की धारा 322 के तहत नगर निगम को अतिक्रमण करने वालों के सामान जब्त करने का अधिकार है।
पांच सौ से 5000 रुपए तक का जुर्माना भी लगा सकते हैं। निगम को यह भी अधिकार है कि यदि किसी ने जुर्माना अदा नहीं किया तो उनका सामान भी जब्त किया जा सकता है। नगर निगम का अमला जब-जब कार्रवाई करेगा और जितनी बार इस तरह के अतिक्रमण मिलेंगे। रायपुर नगर निगम, पुलिस जिला प्रशासन की टीम शहर के प्रमुख चौराहों पर लगाता अवैध कब्जों पर कार्रवाई कर रही है। वहीं, शहर में 25 ट्रैफिक वार्डन की भी नियुक्ति की है, जो शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभालते है।