नकटी के 85 परिवारों के लिए कांग्रेस की न्याय पदयात्रा:
नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित 85 परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को नकटी से राजभवन (लोकभवन) तक करीब 14 किलोमीटर लंबी न्याय पदयात्रा निकाली।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में निकली पदयात्रा में प्रभावित परिवारों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए। हालांकि पदयात्रा के दौरान बैज के पैर में पुरानी मोच उभरने पर उन्हें बीच रास्ते से कार से राजभवन जाना पड़ा।
वहीं रैली के तेलीबांधा चौक के पास पहुंचते ही पुलिस, ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर झड़प और धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता और गांव वालों ने बेरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोका।
पदयात्रा सुबह 9 बजे नकटी गांव से शुरू होकर वीआईपी रोड, पीटीएस चौक, माना, फुंडहर, राम मंदिर चौक और तेलीबांधा गौरव पथ होते हुए लोकभवन पहुंची। यात्रा के दौरान प्रभावित परिवारों ने हाथों में तख्तियां लेकर “नकटी में ही घर बनाकर दो” और “हमें गांव से बेदखल करना बंद करो” जैसे नारे लगाए।
कांग्रेस नेताओं और प्रभावित परिवारों ने वीआईपी रोड में सड़क पर बैठकर सामूहिक भोजन भी किया। मेक इन इंडिया चौक के पास प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की। बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।
इस दौरान कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। इधर, लोकभवन पहुंचने पर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलने की प्रतीक्षा करता रहा। पार्टी नेताओं का आरोप था कि दो बार समय मांगे जाने के बावजूद राज्यपाल से मुलाकात का अवसर नहीं दिया गया। इसके विरोध में कांग्रेस नेता और प्रभावित परिवार लोकभवन के सामने धरने पर बैठ गए।
नकटी गांव से निकली कांग्रेस की न्याय पदयात्रा के दौरान ग्रामीण, कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस की झूमाझटकी में एक टीआई और दो पुलिसवाले भी घायल हो गए हैं। उनका मेडिकल कराया जा रहा है। पुलिस का आरोप है कि जब उन्होंने लोगों को रोका तो वे बेरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे।
इस दौरान कुछ महिलाएं पिन जैसी नुकीली चीजें छिपाकर लाईं थी। पिन चुभने से पुलिस अफसर और दो सिपाहियों के हाथों में चोटें आई हैं। हाथों से खून निकलने पर इसका पता चला। पुलिस कह रही है कि अब वे इस मामले में कार्रवाई करेंगे।