300 से ज्यादा होटलों में ठगी करने वाला जॉन गिरफ्तार
रायपुर
देशभर के पांच सितारा होटलों को निशाना बनाकर ठगी और चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय ठग बिंगसन जॉन को रायपुर पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है।
69 वर्षीय आरोपी पर 10 से अधिक राज्यों के करीब 300 होटलों में वारदात करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार उसने शुरुआती दिनों में होटल में वेटर का काम किया था, लेकिन मेहनताना नहीं मिलने के बाद उसने अपराध का रास्ता चुन लिया। इसके बाद उसने फर्जी पहचान के सहारे महंगे होटलों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया।
मामला तेलीबांधा स्थित होटल हयात का है। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया। आरोपी 25 जून को होटल में ठहरा था और 27 जून की सुबह बिना चेक-आउट किए फरार हो गया।
उसने होटल का 63,755 रुपए का बिल नहीं चुकाया और विशेष अनुरोध पर किराए पर लिया गया करीब 1.48 लाख रुपए कीमत का लैपटॉप भी साथ ले गया। होटल प्रबंधन ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले।
शिकायत पर मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुरू की।
होटल में जमा दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और घटना के महज 72 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से होटल का लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया।