ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के पालन हेतु पलारी के 102 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन
गोविंद राम ब्यूरो चीफ
पलारी
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के पलारी विकासखंड अंतर्गत आने वाली 102 ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इन ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट के वैज्ञानिक निपटान की जानकारी दी गई।
जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या अग्रवाल के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत पलारी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पन्ना लाल धुर्वे द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का सफल आयोजन सुनिश्चित कराया गया। इस अभियान के संचालन में जनपद पंचायत के एसबीएम (स्वच्छ भारत मिशन) समन्वयक रजनीकांत बंजारे ने समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विशेष ग्राम सभाओं के दौरान ग्रामीणों को घर-घर कचरा पृथक्करण, गीले एवं सूखे कचरे के अलग-अलग संग्रहण, प्लास्टिक अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान, कम्पोस्ट खाद निर्माण तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही ग्रामवासियों से स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने गांव को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
जिला प्रशासन की यह अभिनव पहल केवल स्वच्छता अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य सुधार और सतत विकास के लक्ष्यों को भी मजबूती प्रदान की जा रही है। ग्राम सभाओं में यह संदेश दिया गया कि कचरा केवल अपशिष्ट नहीं बल्कि उचित प्रबंधन के माध्यम से एक उपयोगी संसाधन भी बन सकता है।
ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए गांवों में नियमित साफ-सफाई, कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा स्वच्छता संबंधी नियमों के पालन में सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।