राजधानी

रेलवे लाइन किनारे युवक की हत्या का खुलासा, 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।

मृतक की पहचान विशाल बाघ उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। उसका शव रेलवे लाइन के समीप संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद और आपसी रंजिश चल रही थी। इसी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से युवक को रेलवे लाइन के पास बुलाया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविंद बाघ उर्फ आशी और कुणाल दीप को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा घटना में शामिल एक नाबालिग बालक को भी हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

गंज थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।

इस त्वरित कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से हत्या की इस गुत्थी को बेहद कम समय में सुलझाया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image