राजधानी में मौसम का कहर: आंधी, ओलावृष्टि और झमाझम बारिश से शहर बेहाल
रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार शाम मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि पूरा शहर और पूरा इलाका तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और गरज-चमक की चपेट में आ गया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन इसके साथ ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में भारी अव्यवस्था की स्थिति भी पैदा हो गई। कई इलाकों में ओलावृष्टि होने की खबरें भी सामने आईं।
शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में जोरदार बारिश शुरू हो गई। बिजली की तेज गर्जना और चमक से लोग सहम गए। रायपुर के कचना, कटोरातालाब, तेलीबांधा, वीआईपी रोड, शंकर नगर समेत कई इलाकों में पेड़ सड़क और वाहनों पर गिर पड़े। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर होर्डिंग और टीन शेड भी उखड़ गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
बारिश इतनी तेज थी कि शहर की सड़कें कुछ ही देर में जलमग्न हो गईं। कई प्रमुख मार्गों और कॉलोनियों में पानी भर गया। ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जबकि कई लोग जान जोखिम में डालकर पानी भरी सड़कों से गुजरते नजर आए।
इस तेज आंधी और बारिश का सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर देखने को मिला। राजधानी रायपुर के साथ-साथ धरसीवां क्षेत्र में भी लोगों को भारी बिजली संकट का सामना करना पड़ा। कई गांवों और कॉलोनियों में घंटों बिजली गुल रही। तेज हवाओं के कारण बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर प्रभावित होने की जानकारी सामने आई। धरसीवां क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों में रातभर अंधेरा पसरा रहा और लोग बिना पंखे व बिजली के उमस भरी रात बिताने को मजबूर रहे। स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जताई।
बारिश और खराब मौसम के चलते शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमरा गई। कई जगहों पर लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों को घंटों परेशान होना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।
नगर निगम, बिजली विभाग और प्रशासन की टीमें देर रात तक गिरे पेड़ों को हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
धरसीवां क्षेत्र में रातभर बिजली संकट
तेज आंधी और बारिश के कारण धरसीवां क्षेत्र के कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। कई इलाकों में रातभर अंधेरा पसरा रहा। ग्रामीणों को गर्मी और उमस के बीच बिना पंखे के रात गुजारनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द सुधार कार्य की मांग की।
जलभराव और जाम से लोग हुए परेशान
मूसलाधार बारिश के चलते रायपुर और आसपास के क्षेत्रों की कई सड़कों पर पानी भर गया। जीई रोड, वीआईपी रोड, शंकर नगर और अन्य प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। कई वाहन पानी में फंस गए और लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी।