राजधानी

“गंवार” बोलना पड़ा भारी: मैग्नेटो मॉल पार्किंग में हॉकी लेकर हुआ हाईवोल्टेज हंगामा

गंवार” बोलना पड़ा भारी: मैग्नेटो मॉल पार्किंग में हॉकी लेकर हुआ हाईवोल्टेज हंगामा

रायपुर के मैग्नेटो मॉल की पार्किंग शुक्रवार रात विवाद और हंगामे का अखाड़ा बन गई। मामूली पार्किंग विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और हॉकी निकालकर धमकाने तक पहुंच गई। घटना में शिक्षक परिवार ने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर सोमा देवांगन के भाई रॉकी उर्फ रोहन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिक्षिका धनिशा धीवर के मुताबिक, वे अपने परिवार और बच्चों के साथ मॉल घूमने पहुंची थीं। रात करीब 8:30 बजे पार्किंग से बोलेरो वाहन निकालने के दौरान दूसरी कार में पहुंचे रोहन, सोमा और गरिमा से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कार से उतरते ही रोहन ने गोपेश साहू को “गांव का गंवार” कहते हुए अपमानित किया और मॉल में आने को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने लगा।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रोहन ने अपनी कार से हॉकी निकाल ली और मारपीट की धमकी देने लगा। देखते ही देखते पार्किंग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बीच-बचाव में गोपेश साहू के पैर में चोट आई, जबकि शिक्षिका के बेटे अरमान धीवर के हाथ में चोट लगने की बात सामने आई है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पार्किंग में जमकर बहस और हंगामा दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस स्टेशन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया।

शिक्षक परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने रोहन और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर सोमा देवांगन ने भी बोलेरो चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो, पार्किंग में लगे सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image