संदिग्ध पार्सल से 16 लाख कैश बरामद, पुलिस और आयकर विभाग की संयुक्त जांच शुरू
रायपुर । राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध पार्सल से 16 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई अशोका मिलेनियम प्लाजा स्थित हंस ट्रेवल कार्यालय में की गई, जहां कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे पार्सल में संदिग्ध सामग्री होने की सूचना पुलिस को मिली थी।
सूचना मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पार्सल की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को तीन सफेद बोरों में बड़ी मात्रा में नगदी मिली। जांच में सामने आया कि बोरों में 20 रुपये के 400 बंडल और 10 रुपये के 800 बंडल रखे गए थे। कुल मिलाकर बरामद राशि 16 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में नगदी को पार्सल के जरिए भेजा जाना संदिग्ध माना जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रकम किसकी है और इसे किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए नगदी को जब्त कर लिया है।
इसके साथ ही पूरे मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी भेज दी गई है, ताकि पैसों के स्रोत और लेन-देन की वैधता की जांच की जा सके। पुलिस अब पार्सल भेजने वाले और रिसीव करने वाले व्यक्तियों की पहचान जुटाने में लगी हुई है। ट्रांसपोर्ट कार्यालय के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम आखिर किस मकसद से भेजी जा रही थी।