राजधानी

रायपुर में निगम की राइजिंग लाइन से अवैध कनेक्शन:

रायपुर

रायपुर में नगर निगम की राइजिंग पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन लेने का मामला सामने आया है। जांच और कार्रवाई करने पहुंचे निगम अधिकारियों का पार्षद पुत्रों और स्थानीय लोगों ने घेराव कर दिया। अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने पार्षद के दोनों बेटों, ठेकेदार और अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

मामला नगर निगम जोन क्रमांक-1 के वीरांगना अवंति बाई वार्ड का है। नगर निगम के कार्यपालन अभियंता नरसिंह फरेन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि, 1 मई की शाम उन्हें सूचना मिली थी कि शहर की दो प्रमुख पानी टंकियों को भरने वाली 450 एमएम व्यास की राइजिंग मेन पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर उसमें अवैध रूप से 4 इंच का कनेक्शन जोड़ा गया है। सूचना मिलने पर इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि नाले के ऊपर पाइपलाइन में छेद कर अवैध कनेक्शन लगाया गया था। इससे पाइपलाइन में कई जगह लीकेज भी हो गया। अधिकारियों के मुताबिक इससे ओवरहेड टैंक में संक्रमित पानी पहुंच सकता था, जिससे पीलिया और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया था।

नगर निगम की टीम अवैध कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रही थी, तभी वार्ड पार्षद खगपति सोनी के बेटे आकाश सोनी और लीलाधर सोनी मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि उन्होंने स्कूलपारा स्लम बस्ती और आसपास के लोगों की भीड़ जमा कर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों का घेराव कर दिया। नारेबाजी करते हुए कार्रवाई रुकवा दी गई और अधिकारियों को काफी देर तक वहां से जाने नहीं दिया गया।

नगर निगम ने इस मामले में करीब 2.50 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पार्षद पुत्रों, अज्ञात प्लंबर-ठेकेदार और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave Your Comment

Click to reload image