अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर रायपुर में विशेष विधिक साक्षरता शिविर, 300 नागरिकों को मिला लाभ
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर रायपुर में विशेष विधिक साक्षरता शिविर, 300 नागरिकों को मिला लाभ
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर 01 मई 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के तत्वावधान में विशेष विधिक साक्षरता शिविरों का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय अध्यक्ष/जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं माननीय सचिव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविरों का उद्देश्य श्रमिकों एवं आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
प्रतिवर्ष 1 मई को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिकों के अधिकारों और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। शिविर में नालसा योजना 2016 के अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी दी गई, जिसमें उनके वेतन, कार्यस्थल की सुरक्षा, सुविधाएं एवं कल्याणकारी प्रावधान शामिल रहे। आशा (ASHA) अभियान के अंतर्गत सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाते हुए ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ का संकल्प दोहराया गया और बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के उन्मूलन पर जोर दिया गया।
महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने अधिकारों का सही उपयोग कर सकें। इसके अलावा सड़क सुरक्षा और मोटर वाहन अधिनियम के तहत यातायात नियमों, वाहन बीमा, दुर्घटना की स्थिति में मिलने वाले मुआवजे एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी विस्तार से साझा की गई।
शिविर के दौरान निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकार पर विशेष जोर देते हुए पात्र व्यक्तियों को टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई तथा निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।
यह शिविर शहर के गोंदवारा चौक, उरला, बीरगांव चौक, व्यास तालाब चौक, भनपुरी चौक और खमतराई बाजार चौक में आयोजित किए गए, जहां लगभग 300 नागरिकों ने लाभ उठाया। कार्यक्रम में ‘अधिकार मित्र’ के रूप में श्रीमती लोमीन साहू, श्री सुप्रभात हलदार, श्री मनीष ध्रुव, श्री राकेश कुमार एवं श्री सहदेव नेताम की सक्रिय भूमिका रही।