राजधानी

ग्राम संकरी को मिली विकास की नई रफ्तार, करोड़ों के कार्यों का लोकार्पण सड़क, तालाब सौंदर्यीकरण और मुक्तिधाम शेड से बदलेगी गांव की तस्वीर

धरसीवां रायपुर । ग्राम संकरी में विकास की नई इबारत लिखते हुए क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा ने करोड़ों रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

इस अवसर पर विधायक ने ग्राम संकरी से धनसुली तक 3.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही 5 लाख रुपये की लागत से गोडमर्रा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ गांव का वातावरण भी आकर्षक बनेगा।

वहीं 9.40 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम में शेड निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया। लंबे समय से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान धूप और बारिश में परेशानी का सामना करना पड़ता था, जिसे देखते हुए यह कार्य स्वीकृत किया गया। इसके अलावा, बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं देने के उद्देश्य से बजट 2026-27 में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए 11.48 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि जनता का प्रेम और आशीर्वाद ही उनकी असली ताकत है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास उनकी प्राथमिकता है और वे क्षेत्र को आदर्श बनाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से गांवों को शहरों की तरह व्यवस्थित और विकसित बनाया जा सकता है।

इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, जनपद पंचायत धरसींवा की अध्यक्ष शकुंतला सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खुटे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

संकरी में किन-किन कार्यों की मिली सौगात
ग्राम संकरी को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। इसमें 3.15 करोड़ रुपये की लागत से संकरी-धनसुली सड़क निर्माण, 5 लाख रुपये से गोडमर्रा तालाब का सौंदर्यीकरण, 9.40 लाख रुपये से मुक्तिधाम शेड निर्माण और 11.48 लाख रुपये से नए प्राथमिक शाला भवन की स्वीकृति शामिल है। इन कार्यों से गांव में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image