मॉम टू मैम” की मिसाल: स्वास्थ्य मित्र बनकर महिलाओं ने बढ़ाया समाज का मान घर की जिम्मेदारियों के साथ साथ प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से समाज को स्वस्थ बनाने में निभा रहीं अग्रणी भूमिका
भिलाई । देवबलोदा (चरोदा) बाज़ार चौक स्थित गायत्री मंदिर के पास सामुदायिक भवन में अमूल्या वेलनेस द्वारा एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर चरोदा की पार्षद श्रीमती शिवकुमारी ललित यादव की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर एक्यूप्रेशर ट्रीटमेंट और पंचतत्व आधारित प्राकृतिक स्वास्थ्य विधि के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर अमूल्या वेलनेस की टीम ने लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के महत्व से अवगत कराया। एक्यूप्रेशर उपचार पद्धति में शरीर के विशेष बिंदुओं पर दबाव देकर विभिन्न प्रकार की शारीरिक समस्याओं में राहत दिलाई जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह विधा सिरदर्द, जोड़ों के दर्द, कमर दर्द, तनाव, पाचन संबंधी परेशानियों सहित कई सामान्य बीमारियों में लाभकारी मानी जाती है। वहीं पंचतत्व स्वास्थ्य विधा प्रकृति के पाँच तत्व पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश के संतुलन पर आधारित है। इस पद्धति के माध्यम से शरीर की ऊर्जा को संतुलित कर व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाता है।
अमूल्या वेलनेस के रीजनल संचालक अतुल साहू ने बताया कि संस्था द्वारा “मॉम टू मैम” नामक विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य घरेलू महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें समाज में एक नई पहचान दिलाना है। इस पहल के अंतर्गत महिलाओं को एक्यूप्रेशर की विधा का प्रशिक्षण देकर उन्हें “स्वास्थ्य मित्र” के रूप में तैयार किया जा रहा है, ताकि वे समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के साथ लोगों की सेवा कर सकें।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से कई महिलाएं न केवल लोगों को एक्यूप्रेशर और प्राकृतिक चिकित्सा के जरिए राहत पहुंचा रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे परिवार तथा समाज दोनों के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर उपचार कराया और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता प्राप्त की। इस दौरान भावना साहू, मोहन राव, प्रियांशु पैगवार, सोनम सप्रे, अंजलि पाल सहित बड़ी संख्या में सेवार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।