राजधानी

विधानसभा की कार्यवाही देख बच्चों में जगा लोकतंत्र के प्रति उत्साह

खरोरा स्कूल के विद्यार्थियों,धरसीवां के पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों ने किया विधानसभा  भ्रमण, शासन व्यवस्था को समझने का मिला अवसर

रायपुर। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्ध पत्रकारों, निष्ठावान जन-प्रतिनिधियों और खरोरा स्कूल के विद्यार्थियों के लिए आज का दिन यादगार और प्रेरणादायक अनुभवों से भरा रहा, जब सभी ने राज्य विधानसभा की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और परिसर का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह विशेष अवसर धरसींवा विधायक अनुज शर्मा की अनुशंसा से संभव हुआ, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों और क्षेत्र के प्रतिनिधियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को नजदीक से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

विधानसभा पहुंचकर विद्यार्थियों ने सदन की कार्यवाही को बड़े ध्यान से देखा। उन्होंने जाना कि किस प्रकार जनप्रतिनिधि जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाते हैं, उन पर चर्चा होती है और फिर नीतिगत निर्णय लिए जाते हैं। सदन की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखना विद्यार्थियों के लिए एक नया और प्रेरणादायक अनुभव रहा। बच्चों ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण और ज्ञानवर्धक अवसर बताया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विधानसभा परिसर के विभिन्न हिस्सों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि संविधान की मूल भावना के आधार पर ही देश और राज्यों की शासन व्यवस्था संचालित होती है। विधानसभा लोकतंत्र की एक महत्वपूर्ण संस्था है, जहां जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं, विकास और नीतियों से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हैं और समाधान की दिशा में निर्णय लेते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और शासन व्यवस्था की कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

विधानसभा भ्रमण के पश्चात विद्यार्थियों, पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक अनुज शर्मा से संवाद भी किया। इस दौरान बच्चों ने उत्सुकतापूर्वक कई प्रश्न पूछे, जिनका विधायक ने सरल और प्रेरणादायक तरीके से उत्तर दिया। उन्होंने बच्चों को बताया कि लोकतंत्र में जागरूक नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और शिक्षा के माध्यम से ही समाज और देश के विकास में सक्रिय योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा भी दी।

इस संवाद के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही को नजदीक से देखने के बाद उन्हें यह समझ में आया कि शासन व्यवस्था किस प्रकार संचालित होती है और जनप्रतिनिधि किस तरह जनता की समस्याओं को सदन में उठाकर समाधान की दिशा में काम करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक अनुज शर्मा का अभिवादन करते हुए इस अवसर के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। सभी ने इस अनुभव को बेहद प्रेरणादायक बताया और कहा कि इस भ्रमण से लोकतंत्र के प्रति उनकी समझ और अधिक मजबूत हुई है।

वहीं इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने भी विधानसभा की कार्यवाही और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का अध्ययन किया। पत्रकारों ने बताया कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथे स्तंभ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभानी होती है। सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन कर उन्हें शासन व्यवस्था और जनहित से जुड़े विषयों को और अधिक गंभीरता और तथ्यों के साथ समाज तक पहुंचाने की प्रेरणा मिली।

इस प्रकार यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों और पत्रकारों दोनों के लिए सीख और अनुभव से भरपूर रहा, जिसने लोकतंत्र के मूल्यों के प्रति नई जागरूकता, नई सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव और अधिक सुदृढ़ किया।

Leave Your Comment

Click to reload image