रायपुर के होटल में लगी आग
रायपुर
रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित रॉयल कैसल होटल के स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। जिससे ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और काला धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया।
गनीमत रही कि समय रहते रेस्क्यू शुरू कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। आगजनी का कारण पुलिस शार्टसर्किट बता रही है।
डीएसपी ग्रामीण वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि, गुरुवार की शाम चार बजे होटल के ग्राउंड फ्लोर पर बने स्टोर रूम में आग लगी थी। स्टोर में रखे ज्वलनशील और सूखे सामान के कारण आग तेजी से फैली और पहली मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया।
होटल के अंदर धुआं भरते ही चीख-पुकार मच गई। होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से अंदर मौजूद सभी मेहमानों और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह है कि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। हालांकि, होटल के स्टोर रूम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस और फायर एक्सपर्ट्स आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आगजनी मामले में होटल प्रबंधन ने अब तक शिकायत पुलिस को नहीं दी है।