राजधानी

रायपुर में सूखे नशे का अवैध साम्राज्य ध्वस्त, फरार हिस्ट्रीशीटर अब पुलिस की गिरफ्त में

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कालीबाड़ी नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसके भाई संजू को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी क्षेत्र में सूखे नशे के अवैध व्यापार का संचालन कर रहे थे और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे।

यह कार्रवाई डीसीपी सेंट्रल जोन और डीसीपी क्राइम एंड साइबर की सतत निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा की गई। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि कालीबाड़ी नेहरू नगर इलाके में सूखे नशे की सप्लाई संगठित तरीके से की जा रही है। गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस तलाशी में आरोपियों के कब्जे से लगभग 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और 2400 नग अल्प्राजोलम की नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मुकेश बनिया पर पहले से 31 और उसके भाई संजू पर 15 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ कुल 45 अपराध पंजीबद्ध हैं। ये आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। हाईटेक तरीकों से संपर्क बनाए रखते हुए ये सूखे नशे का अवैध नेटवर्क संचालित कर रहे थे।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से कालीबाड़ी नेहरू नगर क्षेत्र को केंद्र बनाकर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय सूखे नशे के अवैध साम्राज्य को बड़ा झटका लगा है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image