राजधानी

विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जन्मदिन जनकल्याणकारी आयोजनों के साथ मनाया

विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जन्मदिन जनकल्याणकारी आयोजनों के साथ मनाया

धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जन्मदिवस श्रद्धा, उत्साह और सेवा भाव के साथ मनाया गया। क्षेत्रीय विधायक श्री अनुज शर्मा के नेतृत्व में दिनभर धार्मिक, सामाजिक और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित हुई। पूरे क्षेत्र में जनसहभागिता का उत्साह देखने को मिला।

प्राचीन शिव मंदिर में महारुद्राभिषेक, प्रदेश की खुशहाली की कामना

कार्यक्रमों की शुरुआत ग्राम पंचायत चरौदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर से हुई। विधायक अनुज शर्मा ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का महारुद्राभिषेक किया। मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और प्रदेशवासियों की समृद्धि की कामना से आयोजित इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कार्यकर्ता शामिल हुए। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

अस्पताल में मरीजों से मुलाकात, फल वितरण कर बांटी खुशियां

धार्मिक कार्यक्रम के बाद विधायक धरसींवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर कुशलक्षेम पूछा। इस अवसर पर मरीजों को फल और पौष्टिक आहार वितरित किए गए। विधायक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।

नारी शक्ति को सम्मान, सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाण-पत्र

धरसींवा ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर खुशियां मनाई गईं। गोदावरी इस्पात पावर लिमिटेड के सीएसआर पहल के अंतर्गत संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की महिलाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर महिला सशक्त समाज की नींव है और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को नई दिशा दे रहे हैं।

मितानीन कार्यकर्ताओं का सम्मान, जनसेवा को मिला प्रोत्साहन

ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में सक्रिय मितानीन कार्यकर्ताओं को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। उन्हें उपहार भेंट कर उनके योगदान की सराहना की गई। विधायक ने कहा कि गांव-गांव में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में मितानीन दीदियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनका सम्मान समाज का सम्मान है।

अपने संबोधन में विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नेतृत्व छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ का सपना जनसहभागिता और सेवा भाव से ही साकार होगा।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला सेन, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सविता चंद्राकर, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, मंडल अध्यक्ष राकेश यादव, विधानसभा मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा, सरपंच साहिल खान सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब नेतृत्व में भक्ति, सेवा और समर्पण का भाव हो, तो विकास का मार्ग स्वतः प्रशस्त हो जाता है।

Leave Your Comment

Click to reload image