रायपुर-एयरपोर्ट पर कोकीन के साथ नाइजीरियन पकड़ाया
रायपुर-एयरपोर्ट पर कोकीन के साथ नाइजीरियन पकड़ाया:दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट से आया
था; DRI ने जब्त की 25 लाख की 270 ग्राम ड्रग्स
छत्तीसगढ़ के रायपुर एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने नाइजीरियन युवक को 270 ग्राम कोकीन के साथ पकड़ा है। जब्त कोकीन की कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है। मामला माना थाना इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट के जरिए रायपुर पहुंचा था। एयरपोर्ट के अंदर ही DRI की टीम ने संदेह के आधार पर रोका और तलाशी ली। इस दौरान युवक के पास से करीब 270 ग्राम कोकीन बरामद की गई।
एयरपोर्ट के अंदर दबोचा, DRI ऑफिस ले जाया गया
कोकीन बरामद होने के बाद DRI की टीम ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। आगे की कार्रवाई के लिए उसे DRI कार्यालय ले जाया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
DRI अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कोकीन कहां से लाई गई थी। इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।
6 महीने पहले जब्त की गई थी 1 करोड़ की हेरोइन
रायपुर पुलिस ने 6 महीने पहले इंटरनेशनल ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को बेनकाब किया था। टिकरापारा पुलिस और ACCU की टीम ने छापेमारी कर 9 ड्रग्स तस्करों को पकड़ा। इनके पास से 412 ग्राम 87 मिलीग्राम हेरोइन की जब्ती की थी, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपए है।
दरअसल, तत्कालीन SSP डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। महीनों की निगरानी, बैंक ट्रेसिंग और टेक्निकल सर्विलांस के बाद 3 अगस्त को रायपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने कमल विहार के फ्लैट में दबिश दी।
इस दौरान कमल विहार से लवजीत सिंह, सुवित श्रीवास्तव और अश्वनी चंद्रवंशी पकड़े गए। मौके पर ही 412.87 ग्राम हेरोइन, मोबाइल फोन, कार, ड्रग पैकेजिंग सामग्री और लेन-देन के दस्तावेज बरामद हुए।पूछताछ के बाद रायपुर में सक्रिय स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स और सप्लायर्स की गिरफ्तारी की गई।