नेता प्रतिपक्ष बोले- कांग्रेस की मदद करते हैं बृजमोहन
नेता प्रतिपक्ष बोले- कांग्रेस की मदद करते हैं बृजमोहन एक ही मंच पर दिखे दिग्गज, चरणदास महंत ने कहा- उनसे हमेशा अच्छे
संबंध रहे हैं
छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल भाजपा में रहते हुए भी कांग्रेस की मदद करते हैं और आगे भी करते रहेंगे।
छत्तीसगढ़ संघर्ष परिषद के एक कार्यक्रम में बृजमोहन अग्रवाल के साथ मंच साझा करने को लेकर पूछे गए सवाल पर महंत ने कहा कि बृजमोहन जी के कांग्रेस से अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा, “वो कांग्रेस के भी काम आते हैं और बीजेपी के भी।”
कांग्रेस में आने की जरूरत नहीं
जब नेता प्रतिपक्ष से पूछा गया कि क्या बृजमोहन अग्रवाल कांग्रेस में आ सकते हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस की मदद करने के लिए किसी का कांग्रेस में आना जरूरी नहीं है। “वो बीजेपी में रहते हुए भी हमारी मदद करते हैं, करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।”
राजनीति शतरंज की तरह है
राजनीति की तुलना शतरंज से करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजनीति में हर चाल सोच-समझकर चली जाती है। राजनीति शतरंज की मुहर जैसी है, कहां ढाई घर चलना है और कहां हाथी पर सवार होकर लंबी उड़ान भरनी है, यह शतरंज का खिलाड़ी जानता है। राजनीति में यह भी समझना जरूरी होता है कि कहां किसे मात देनी है और कहां किसकी मदद लेनी है।