सेक्स सीडी-कांड केस अब हाईकोर्ट जाएगी कांग्रेस
सेक्स सीडी-कांड केस अब हाईकोर्ट जाएगी कांग्रेस भूपेश बोले- पूरी तरह न्यायिक प्रक्रिया से चल रहा मामला, कोर्ट में नियमित पेश
होने के मिले हैं निर्देश
छत्तीसगढ़ की बहुचर्चित सेक्स सीडी कांड मामले में कांग्रेस अब हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साफ किया है कि, रायपुर सेशन कोर्ट के हालिया फैसले के खिलाफ कांग्रेस हाईकोर्ट में अपील करेगी।
भूपेश बघेल ने कहा कि, यह मामला पूरी तरह न्यायिक प्रक्रिया के तहत चल रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले ही इस केस से डिस्चार्ज किया जा चुका था, लेकिन अब सीबीआई ने सेशन कोर्ट में दोबारा अपील की है।
क्या है सेशन कोर्ट का ताजा फैसला ?
दरअसल, रायपुर सेशन कोर्ट ने CBI की उस रिव्यू याचिका को मंजूरी दे दी है, जिसमें लोअर कोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई थी। इसके साथ ही सेशन कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को नियमित कोर्ट में पेश होने के निर्देश दिए हैं। अब इस मामले की दोबारा सुनवाई होगी।
मार्च 2025 में CBI की विशेष अदालत ने भूपेश बघेल को सभी आरोपों से बरी कर दिया था। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि उनके खिलाफ मुकदमा चलाने का कोई ठोस आधार नहीं है। इसी फैसले को चुनौती देते हुए CBI ने सेशन कोर्ट में रिव्यू पिटिशन दाखिल की थी।
बचाव पक्ष ने बताया था झूठा मामला
इससे पहले भूपेश बघेल की ओर से जबलपुर हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील मनीष दत्त ने कोर्ट में दलीलें रखी थीं। उन्होंने कहा था कि भूपेश बघेल को झूठे मामले में फंसाया गया है। न तो उन्होंने किसी CD का निर्माण कराया और न ही उसका वितरण किया। बचाव पक्ष ने यह भी स्पष्ट किया था कि बघेल की ओर से किसी तरह का कोई अपराध नहीं किया गया।
मुरारका-विनोद वर्मा को नहीं मिली राहत
इस मामले में कारोबारी कैलाश मुरारका और पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा ने भी खुद को आरोपों से मुक्त करने के लिए सेशन कोर्ट में आवेदन दिया था। हालांकि कोर्ट ने दोनों की याचिकाएं खारिज कर दीं। कोर्ट का कहना है कि उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं और उन्हें ट्रायल का सामना करना होगा।
इस केस में भूपेश बघेल के अलावा कैलाश मुरारका, विनोद वर्मा, विजय भाटिया और विजय पांड्या आरोपी हैं। वहीं, एक अन्य आरोपी रिंकू खनूजा ने केस सामने आने के बाद आत्महत्या कर ली थी।
राजनीति का टर्निंग पॉइंट बना था सेक्स सीडी कांड
सितंबर 2018 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल और विनोद वर्मा की गिरफ्तारी ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया था। भूपेश बघेल ने उस समय जमानत लेने से इनकार कर दिया था, जिसे उनके राजनीतिक जीवन का बड़ा मोड़ माना जाता है।
कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए थे और राज्यभर में ‘मैं भी भूपेश हूं’ के नारे लगे थे। कुछ दिनों बाद भूपेश बघेल जेल से रिहा हुए और इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 68 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
क्या है छत्तीसगढ़ का सेक्स सीडी कांड ?
अक्टूबर 2017 में छत्तीसगढ़ में एक कथित सेक्स सीडी सामने आई थी, जिसे तत्कालीन मंत्री राजेश मूणत से जोड़ा गया था। शिकायत के बाद पुलिस को CD दिल्ली में बनाए जाने की जानकारी मिली। जांच के तार पत्रकार और कांग्रेस के मीडिया सलाहकार रहे विनोद वर्मा से जुड़े।
भाजपा नेता प्रकाश बजाज की शिकायत पर 26 अक्टूबर 2017 को पंडरी थाने में केस दर्ज किया गया था। FIR में ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया गया था। पुलिस और CBI का दावा है कि जांच के दौरान दिल्ली की एक दुकान से CD रिकॉर्डिंग के सुराग मिले, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।