रायपुर में रेणुका सिंह के बेटे ने बाइक-सवार को कुचला
रायपुर में रेणुका सिंह के बेटे ने बाइक-सवार को कुचला:कार से टक्कर मारकर भागा, गिरफ्तारी के बाद तुरंत जमानत मिली; युवक
की हालत गंभीर
रायपुर में बाइक सवार को टक्कर मारने वाले बीजेपी विधायक और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह के बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया और तुरंत उसे बेल भी मिल गई। वहीं, हादसे में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 5 जनवरी की रात करीब डेढ़ बजे की है। अग्रसेन धाम चौक के पास कार सवार भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे बलवंत सिंह ने बाइक सवार त्रिभुवन सिंह ठाकुर को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार चौक से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही कार बेकाबू होकर बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी की कार ही मिली, आरोपी भाग गया था। जिसके बाद उसके खिलाफ बीएनएस के तहत लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया और 6 जनवरी की रात पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और थाने से उसे जमानत मिल गई।