DSP कल्पना बोलीं-मीडिया में फेक चैट्स वायरल किए गए:
रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने दंतेवाड़ा की DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। कारोबारी टंडन का दावा है कि, DSP ने पहले उन्हें लव ट्रैप में फंसाया। फिर शादी का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी और कीमती गहने ले लिए।
कल्पना ने बताया कि उनकी सोशल मीडिया से तस्वीरें निकालकर फर्जी चैट्स तैयार किए हैं। इस मामले में उन्होंने लीगल एक्शन लेने की प्रक्रिया में आगे बढ़ जाने की बात कही है। वहीं, आरोपों पर कहा कि, ये सिर्फ इसलिए किया गया है, क्योंकि टंडन हमारे पैसे वापस नहीं लौटा पा रहा था। कल्पना वर्मा ने बताया कि, टंडन कोर्ट से केस वापस लेने के लिए लगातार दबाव बना रहा था, जब बात नहीं बनी तो मीडिया में झूठी तस्वीरें और चैट वायरल कर दी। टंडन के साथ वायरल हुए अपने वीडियो को लेकर उन्होंने कहा कि, वो टंडन से बकाया पैसे लेने के लिए होटल गई थी।
वहीं, दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि, कल्पना ने साजिश के तहत फंसाया है। 2021 और 2025 के बीच उसने कल्पना को 2 करोड़ रुपए कैश, एक हीरे की अंगूठी, एक सोने की चेन और एक कार दी थी, जिसे उसने अपने पास रख लिया है।
हालांकि, पुलिस ने दोनों मामलों में बयान दर्ज कर लिया है। जांच में मामला आपसी लेन-देन का विवाद पाया गया। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की है।
कारोबारी दीपक टंडन ने बताया कि, मेरी पत्नी के DSP कल्पना के साथ ताल्लुकात थे। घर आना-जाना था। कल्पना से मेरी घंटों बात होती थी। मुझे वॉट्सऐप पर उसने तलाक लेने के लिए कहा। हम होटल में बैठकर कई आगे की प्लानिंग करते थे। इससे हमारी नजदीकियां और बढ़ गईं।
इस बीच मैं भी दंतेवाड़ा आता जाता था। घूमना फिरना, हमारे बीच सब कुछ था। इस बीच हमारे घर में विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद मैं मानसिक-आर्थिक तनाव से भी गुजरा। परिवार में पत्नी के साथ झगड़ा-लड़ाई भी हुई। अब बस न्याय चाहता हूं। गाड़ी और पैसा मुझे वापस चाहिए।
दीपक ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए वॉट्सऐप चैट, CCTV फुटेज और अन्य सबूत पुलिस को सौंपे हैं। आरोप है कि जब उन्होंने शिकायत वापस लेने से इनकार किया, तो DSP ने फर्जी मामलों में जेल भेजने की धमकी दी। वर्तमान में कल्पना दंतेवाड़ा में पदस्थ है।