बिलासपुर में मौसाजी-स्वीट्स के सभी संस्थानों पर GST की रेड
बिलासपुर
बिलासपुर में मौसाजी स्वीट्स के सभी संस्थानों पर 1 दिसंबर की शाम स्टेट जीएसटी की टीमों ने एक साथ छापा मारा। रायपुर और बिलासपुर की संयुक्त टीमों ने टैक्स चोरी की शिकायत पर यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने संस्थानों के कंप्यूटर सिस्टम, बिल, पर्ची और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए।
शाम करीब साढ़े 4 बजे अलग-अलग टीमें संस्थानों पर पहुंचीं। चार सदस्यीय टीमों ने कंप्यूटर सिस्टम को तुरंत अपने कंट्रोल में लिया। अधिकारी और कर्मचारी बिल, पर्ची समेत सभी वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच करते रहे। यह कार्रवाई फर्म द्वारा बड़े पैमाने पर टैक्स हेराफेरी की शिकायत के बाद की गई।
अधिकारियों ने सिस्टम के सॉफ्टवेयर पर लेन-देन का पूरा हिसाब देखा। बिल, पर्ची, फाइलें और विभाग को भरे गए टैक्स से जुड़े सभी कागजात रात 12 बजे तक खंगाले गए। जाते समय अधिकारी कुछ दस्तावेजों की प्रतियां भी अपने साथ ले गए।
हालांकि, जांच में क्या मिला, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है, लेकिन संस्थान में बड़ी टैक्स हेराफेरी की बात चर्चा में है।
शहर में मौसाजी स्वीट्स की शाखाएं श्रीकांत वर्मा मार्ग, तिफरा, सरकंडा, मंगला और गोलबाजार में स्थित हैं। व्यापार विहार स्थित मौसाजी स्वीट्स में जॉइंट कमिश्नर सहित चार सदस्यों की टीम पहुंची थी।
यहां कमिश्नर की मौजूदगी में सभी पुरानी और नई डायरियां, रजिस्टर तथा कंप्यूटर सिस्टम में लेन-देन का हिसाब देखा गया। जॉइंट कमिश्नर रात 10:30 बजे वहां से चले गए, लेकिन तीन सदस्यीय टीम देर रात तक जांच करती रही।
शाम 4 बजे रायपुर से अधिकारियों की टीम बिलासपुर पहुंची। टीम ने स्थानीय अधिकारियों को ब्रीफ किया। इसके बाद जॉइंट टीम बनाकर बिलासपुर के सभी संस्थानों में रेड की कार्रवाई की गई। स्थानीय अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान किसी का भी कॉल रिसीव नहीं किया।