सैलून में मसाज कराने आए 2 तहसीलदारों की पिटाई
कोरबा
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार रात 6 युवकों ने 2 तहसीलदारों को जमकर पीटा। बताया जा रहा है कि तहसीलदारों के ड्राइवर से विवाद के बाद पिटाई की है। दोनों तहसीलदार सैलून गए थे, तभी विवाद हुआ। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानू और दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा से मारपीट की गई है। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने 4 युवकों हिरासत में लिया है, जबकि बाकियों की तलाश जारी है।
दरअसल, पटवारी त्रिलोक सोनवानी ने दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा और हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानू को बताया था कि आदर्श नगर स्थित रमेश जेंट्स ब्यूटी पार्लर (सैलून) में नस और हाथ-पैर दर्द के लिए अच्छी मालिश की जाती है।
इसके बाद मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दोनों तहसीलदार अपनी अलग-अलग काली स्कॉर्पियो से पार्लर पहुंचे। इसी दौरान कुछ युवक आए और नशे में अमित केरकेटा के ड्राइवर से पार्किंग को लेकर विवाद करने लगे।
इस दौरान विवाद बढ़ने लगा तो दोनों तहसीलदार ब्यूटी पार्लर (सैलून) से बाहर आए। तहसीलदारों ने नशेड़ी युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई। समझाइश के दौरान युवकों ने दोनों तहसीलदारों को पीट दिया। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं।
कुसमुंडा थाना प्रभारी ने बताया कि तहसीलदारों से मारपीट को लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।