राजधानी

पंथी,राउतनाचा,सुवा-कर्मा बलौदाबाजार के राज्योत्सव कार्यक्रम से गायब

स्थानीय कलाकारों में नाराजगी
 गोविंद राम ब्यूरो रिपोर्ट
बलौदाबाजार
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के रजत जयंती वर्ष में भी जिले की कला-संस्कृति की अनदेखी होना जिलेवासियों के लिए आक्रोश का विषय बन गया है। 2 से 4 नवंबर तक चल रहे तीन दिवसीय राज्योत्सव का शुभारंभ आज बलौदाबाजार के चक्रपाणी स्कूल मैदान में धूमधाम से होने वाला है लेकिन सांस्कृतिक कार्यक्रम की रुपरेखा में मंच पर स्थानीय कलाकारों की अनुपस्थिति ने सांस्कृतिक जगत में तीखी प्रतिक्रिया पैदा कर दी है।

प्रदेश के लोक कलाकार एवं प्रदेश सहसचिव दिलीप नवरंगे ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन ने कलाकारों का अपमान किया है। जनपद पंचायत सीईओ के माध्यम से आवेदन मंगवाए गए, लेकिन किसी भी स्थानीय पंथी, राउतनाचा सुवा कर्मा इत्यादि कलाकार को मौका नहीं दिया गया। यह निर्णय जिले के कला समुदाय के मुंह पर तमाचे जैसा है।

नवरंगे ने तीखे शब्दों में कहा कि बलौदाबाजार जिला पंथी, सुवा, कर्मा, जगराता, राउत नाचा, आदिवासी नृत्य, लोक मंच, फिल्म इंडस्ट्री, आकाशवाणी और दूरदर्शन से जुड़े सैकड़ों प्रतिभाशाली कलाकारों की धरती है। सतनाम के प्रवर्तक गुरु घासीदास बाबा का जन्मस्थल और कबीर साहेब की समाधीस्थल दामाखेड़ा जैसे सांस्कृतिक धरोहर वाले जिले में एक भी पंथी कलाकार को मंच न देना असंवेदनशील और निंदनीय है।

उन्होंने यह भी कहा कि जब दो कलाकारों को तीन-तीन दिन का मंच दिया गया और स्थानीय परम्परागत प्रस्तुति वाले कलाकारों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया, तब स्पष्ट हो गया कि प्रशासन की नीयत पर खोट है। यह आयोजन अब राज्योत्सव नहीं, बल्कि अपनों की उपेक्षा का उत्सव बनकर रह गया है। जिले के कई सांस्कृतिक संगठनों और कलाकारों ने भी नवरंगे के बयान का समर्थन करते हुए प्रशासन से सवाल उठाया है क्या राज्योत्सव का उद्देश्य प्रदेश की लोक संस्कृति को मंच देना नहीं है? फिर क्यों जिला स्तर पर बाहरी कलाकारों को तरजीह दी जा रही है? स्थानीय कलाकारों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी कार्यक्रमों में क्षेत्रीय कलाकारों को सम्मानजनक अवसर नहीं मिला, तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस आवाज़ को सुनेगा या बलौदाबाजार की लोक संस्कृति इसी तरह उपेक्षा की आग में जलती रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image