नगर के ऐतिहासिक सिद्धेश्वर मंदिर में पुन्नी मेले की तैयारियाँ जोरों पर श्रद्धा, आस्था और व्यवस्था का संगम बनेगा पलारी का पुन्नी मेला
गोविंद राम ब्यूरो चीफ
पलारी;नगर के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हर वर्ष की तरह इस बार भी पारंपरिक पुन्नी मेला पूरे श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले को लेकर नगर प्रशासन और विभागीय अधिकारियों ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम दीपक निकुंज ने नगर के जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों की एक विस्तृत बैठक लेकर मेला आयोजन की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा एवं पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
एसडीएम निकुंज ने कहा कि “पुन्नी मेला पलारी नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है, इसलिए श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।”
इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने पार्षदगणों, नगर कर्मचारियों एवं अधिकारियों के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल की साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, सार्वजनिक शौचालय, लाइटिंग एवं श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्गों की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि “श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि मेला सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो।”
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए फ्री पार्किंग, पैदल मार्ग की सफाई, लाइटिंग व्यवस्था तथा ठहरने के लिए नगर भवन, कुर्मी भवन, धीवर भवन एवं साहू भवन को चुना गया है। कार्तिक स्नान के अवसर पर तालाब तट पर पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से लाल बिल्डिंग को नियंत्रण केंद्र (कंट्रोल रूम) बनाया गया है, जहाँ से पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मेला क्षेत्र की सतत निगरानी करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक उपचार शिविर लगाया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता दी जा सके।
इस अवसर पर नगर उपाध्यक्ष पिंटू वर्मा, सीएमओ मनोज बंजारा, इंजीनियर पोषण लाल साहू, पार्षद लेखु वर्मा, नारायण धीवर, नेमसिंह बांधे, भोला वर्मा, पुनीत निषाद, शेरखान, पुनीत रजक, संतोष वर्मा सहित नगर के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने बताया कि “पुन्नी मेला पलारी की आस्था, परंपरा और संस्कृति का प्रतीक है। प्रत्येक वर्ष हजारों श्रद्धालु सिद्धेश्वर महादेव के दर्शन और कार्तिक स्नान हेतु नगर में पहुंचते हैं। नगर प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार का मेला स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो।”
पलारी नगर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखें, ताकि यह पारंपरिक मेला श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन सके