प्रेस क्लब बलौदाबाजार में पत्रकारिता के जज्बे के साथ मनाया गया ऊर्जावान पत्रकार गोविन्द राम रात्रे का जन्मदिन
बलौदाबाजार:-
पत्रकारिता की सच्ची भावना और प्रेस क्लब की एकता का प्रतीक बनकर आज बलौदाबाजार प्रेस क्लब परिसर गूंज उठा, जब सक्रिय सदस्य, ऊर्जावान पत्रकार एवं दैनिक बिहान छत्तीसगढ़ के जिला ब्यूरो प्रमुख गोविन्द राम रात्रे का जन्मदिन बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
माँ सरस्वती की आराधना और पूजा-अर्चना के साथ आरंभ हुए इस कार्यक्रम में केक काटकर खुशियां बांटी गईं। इस मौके पर पूरे क्लब परिवार ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जवाबदेही का माध्यम है और गोविन्द रात्रे जी ने हमेशा इसी जिम्मेदारी को जनहित के मुद्दों को मुखरता से उठाकर निभाया है। उनकी पत्रकारिता में सादगी, निष्पक्षता और जनसरोकार की झलक साफ दिखाई देती है। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेश गनशानी ने कहा कि ऐसे ऊर्जावान पत्रकार हमारे क्लब की पहचान हैं,
जो कलम को जनता की आवाज़ बनाने में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र सिंह ने कहा कि गोविन्द रात्रे की सक्रियता और सादगी क्लब के सभी सदस्यों के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं, राजेश्वर गिरी, लकेश कुमार, विजय शंकर तिवारी, आभाष शर्मा, श्रवण ध्रुव, मोहित मरकाम, पुष्पकांत मेजर और बुधराम धीवर सहित उपस्थित सभी पत्रकारों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। पूरा कार्यक्रम प्रेस क्लब की एकता, भाईचारा और आपसी सौहार्द का प्रतीक बना। सदस्यों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वे पत्रकारिता की मर्यादा और सामाजिक जिम्मेदारी को सर्वोपरि रखकर जिले के विकास और जनहित के मुद्दों को ताकतवर ढंग से उठाते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ क्लब परिसर प्रेस क्लब जिंदाबाद और कलम की ताकत जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा।