सूदखोर तोमर भाइयों की प्रापर्टी हो सकती है कुर्क
रायपुर
पिछले 2 महीनों से फरार चल रहे रायपुर के सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं की संपत्ति जल्द कुर्क हो सकती है। कोर्ट ने पुलिस की याचिका स्वीकार करते हुए रायपुर कलेक्टर को उनकी चार संपत्तियों की कुर्की का प्रतिवेदन भेज दिया है। इससे पहले नगर निगम में रोहित तोमर के अवैध आफिस पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की थी।
बता दें कि रोहित तोमर और वीरेंद्र सिंह तोमर के फरार होने के बाद पुलिस ने कोर्ट में आवेदन दिया था। इसके बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों को पेश होने की अंतिम चेतावनी जारी की थी। कोर्ट की ओर से जारी चेतावनी के तहत दोनों आरोपियों को कल यानी सोमवार को पेश होना है। अगर दोनों आरोपी कल तक कोर्ट में पेश नहीं होते हैं, तो उनकी संपत्तियों को कुर्क कर लिया जाएगा।
करीब दो महीने पहले प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला ने रोहित तोमर के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज कराई थी। मामले के बाद से पुलिस रोहित की तलाश में जुटी हुई है।
रोहित के फरार होने के बाद उसका भाई वीरेंद्र तोमर भी गायब हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश में कई राज्यों में टीमें भेजी, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।