इस स्वतंत्रता दिवस छत्तीसगढ़ की मस्जिदों में फहराएगा तिरंगा
रायपुर
छत्तीसगढ़ की मस्जिदों में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया जाएगा। इसे लेकर छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने प्रदेश के सभी मुतवल्लियों को निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में लिखा गया है कि 79वां स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश की सभी मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों के मेन गेट पर तिरंगा फहराया जाए।
साथ ही, डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम समुदाय को राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखने की नसीहत दी है। वक्फ बोर्ड के अनुसार प्रदेश की कई मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में ध्वजारोहण नहीं किया जाता। ऐसे में सभी राष्ट्रीय पर्व में शामिल होने और भाईचारे के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने ये निर्देश जारी किया गया है।
इससे पहले छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने प्रदेश के मौलवियों को लेकर विशेष निर्देश जारी किए थे। यह आदेश सभी वक्फ संस्थाओं (मस्जिद, मदरसा, दरगाह) के मुतवल्लियों के लिए लागू किया गया था।
निर्देश में स्पष्ट किया गया कि प्रदेश में निकाह पढ़ाने वाले इमाम या मौलाना नजराने या उपहार के रूप में 1100 रुपए से ज्यादा नहीं ले सकेंगे। इस संबंध में कई शिकायतें प्राप्त होने के बाद यह आदेश जारी किया गया।